संभल में इश्क की सजा मौत: तीन लोगों ने लिए थे 1.5 लाख रुपये, भाई बना बहन का हत्यारा; पिता को कोई अफसोस नहीं
संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मतावली पट्टी जग्गू गांव में 19 वर्षीय रूपजहां की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पिता का आरोप है कि गांव के प्रधानपति समेत तीन लोगों ने उसे घर लाने के नाम पर तीन लाख रुपये की मांग की थी। वहीं, बेटे द्वारा हत्या किए जाने की बात सामने आने के बाद भी पिता ने घटना पर किसी तरह का अफसोस नहीं है।
विस्तार
संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी जग्गू निवासी रूपजहां (19) की हत्या रुपये के लालच में हो गई। यदि वह अपने प्रेमी के पास से नहीं लौटती तो शायद उसकी जान बच जाती। गांव के प्रधानपति समेत तीन लोगों पर आरोप है कि उन्होंने रूपजहां को घर लाने के नाम पर तीन लाख रुपये की मांग की थी। जिसमें 1.50 लाख रुपये दिए गए थे।
इसमें हवाला दिया था कि पुलिस भी कुछ नहीं कहेगी। रूपजहां के पिता नौशे का दावा है कि उन्होंने रुपये दिए तब उनकी बेटी को अमरोहा से घर लाया गया। इसके बाद 1.50 लाख रुपये की ओर मांग की गई थी। हालांकि जब तक बेटे ने बेटी की हत्या कर दी थी।
नौशे का कहना है कि गांव में बेटी के कदम से काफी बदनामी हो रही थी। बेटी को पूरे परिवार ने कई बार समझाया और इज्जत का भी हवाला दिया लेकिन वह दूसरे धर्म के युवक के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी थी। इसलिए बेटे ने हत्या कर दी और खुद ही पुलिस को सूचना देकर बुलाया था।
नौशे का कहना है कि बेटे ने बेटी की हत्या की है इसका परिवार को कोई अफसोस नहीं है। क्योंकि बेटी ने पूरे गांव में इज्जत खराब की थी। इस गुस्से में ही बेटे ने गला दबा दिया। वहीं, दूसरी ओर रूप जहां की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना आया है। इसके अलावा शरीर और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी ने हत्या से पहले रूप जहां को पीटा भी था। जिससे निशान आए हैं।
शुक्रवार शाम को परिवार ने ही किया सुपुर्द-ए-खाक
रूप जहां का शव शुक्रवार की दोपहर गांव पहुंचा तो ग्रामीणों की देखने के लिए भीड़ लग गई। परिवार ने ही पूरी रीति रिवाज से सुपुर्द ए खाक कर दिया। इस दौरान पुलिस भी गांव में मुस्तैद रही। एहतियाती तौर पर यह सतर्कता बरती गई।
प्रधानपति समेत तीन लोगों ने लड़की को लाकर देने के नाम पर तीन लाख रुपये लिए थे और डेढ़ लाख रुपये ले भी लिए। ऐसी कोई जानकारी हमें नहीं दी गई है। अब जानकारी मिली है तो इसकी भी जांच कराई जाएगी। उसके आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
-कुलदीप सिंह, एएसपी (दक्षिणी), संभल।