जुनावई। गांव कादराबाद में चल रही रामलीला में मंगलवार को कलाकारों ने लक्ष्मण शक्ति का मंचन किया। लक्ष्मण को शक्ति लगते हुए दर्शक भावविभोर हो गए। मंचन के दौरान जैसे ही वीर हनुमान लक्ष्मण जी के लिए पर्वत लेकर आते हैं। यह दृश्य देख दर्शक रोमांचित हो उठे। पूरा पंडाल बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
मंचन के पहले दृश्य में दिखाया कि लक्ष्मण जी, वीर हनुमान सहित वानर सेना युद्ध स्थल पर जाते हैं। जहां लक्ष्मण जी और मेघनाद के बीच भयंकर युद्ध होता है। अंत में मेघनाद लक्ष्मण जी के ऊपर ब्रह्मपाश चलाकर उन्हें मूर्छित कर देते हैं। वीर हनुमान मूर्छित लक्ष्मण को शिविर में लेकर जाते हैं। यह देख श्री राम व्याकुल हो जाते हैं। दूसरे मंचन में दिखाया कि लक्ष्मण को ठीक करने के लिए विभीषण प्रभु श्री राम से सुषैन वैद्य को लंका से बुलाने के लिए कहते हैं। तब हनुमान जी लंका से वैध को लेकर आते हैं। वैद्य संजीवनी जड़ी बूटी लाने के लिए भगवान राम से कहते हैं। फिर वीर बजरंगबली पर्वत पर पहुंचकर पूरा पहाड़ उठा ले आते हैं। जिसके बाद वैद्य संजीवनी बूटी से लक्ष्मण जी को ठीक कर देते हैं। कार्यक्रम में लाला कृष्ण लाल, दयाराम, प्रेम कुमार मौर्य, प्रेमपाल, लाखन सिंह, नवाब सिंह आदि मौजूद रहे।