संभल: परिवार बेटी की जयमाला में लगा रहा, चोरों ने चुरा लिए सोने-चांदी के जेवर... दो लाख की नकदी भी कर ली पार
संभल के जयसिंह थरैसा गांव में शादी समारोह के दौरान चोरों ने सूने घर से सोने-चांदी के जेवर और दो लाख रुपये चुरा लिए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस पहुंची।
विस्तार
संभल के बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव जयसिंह थरैसा में शनिवार रात्रि परिवार के लोग बेटी की जयमाला में लगे रहे और चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और दो लाख रुपये चुरा लिए। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस पहुंची और मामले की जांच की। हालांकि, परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
गांव जयसिंह थरैसा निवासी संजय प्रजापति ने बताया कि शनिवार को बेटी अलका कुमारी की मुरादाबाद के मोहल्ला नवाबपुरा से बारात आई थी। कार्यक्रम स्थल घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर था। शनिवार की रात तीन बजे बेटी की जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था।
ऐसे में परिजन भी कार्यक्रम स्थल पर ही मौजूद थे। इसी दौरान चोरों ने कमरे का गेट खोलकर अमलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और दो लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली। रविवार की सुबह 5:30 बेटी के फेरों के दौरान सोने-चांदी के जेवर और पैसे लेने के लिए कमरे में गए तो सेव का लॉकर टूटा हुआ था।
शादी समारोह के कार्यक्रम में चोरी की घटना होने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई करेंगे।
नलकूप से केबल चोरी
नखासा क्षेत्र के गांव मन्नीखेड़ा में चोरों ने किसान के नलकूप से केबल चोरी कर लिया। किसान सुबह में खेत पर सिंचाई करने गया तो घटना के बारे में पता चला। गांव निवासी सतेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार सुबह जब आलू की सिंचाई करने को गए तो देखा तो केबल कटा हुआ था। नलकूप पर मोटर का केबल काटकर चोर ले गए थे। करीब दो सप्ताह पूर्व पड़ोसी बिट्टू के नलकूप का भी केवल चोरी कर लिया था।