Sambhal Mandir: शिव मंदिर के पास मकान स्वामी ने छज्जा तोड़ हटाया अतिक्रमण, सुबह-शाम हो रही आरती
खग्गू सराय स्थित प्राचीन शिव मंदिर के कपाट 45 साल बाद खोले गए। इसके साथ ही वहां पूजा पाठ शुरू हो गई है। मंदिर के आसपास दूसरे समुदाय के लोगों ने अतिक्रमण कर लिया था। प्रशासन के निर्देश पर उसे हटा दिया गया है।
विस्तार
खग्गू सराय मंदिर के नजदीक बने दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने मकान का छज्जा बढ़ाकर अतिक्रमण कर लिया था। डीएम ने मंदिर के आसपास से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। मकान स्वामी ने खुद ही छज्जा तोड़कर अतिक्रमण हटा लिया है।
खग्गू सराय स्थित प्राचीन शिव मंदिर का ताला 14 दिसंबर को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में खोला गया था। इस मंदिर पर 1978 से ताला लगा था। इस इलाके में रहने वाले हिंदू परिवार दूसरे मोहल्ले या शहरों को पलायन कर गए थे।
उसके बाद से ही ताला लगा दिया गया था। इस मंदिर के बंद होने के दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने अतिक्रमण कर दिया था। जब मंदिर का ताला खोला गया तो अतिक्रमण भी हटाने के लिए निर्देश दिए।
मंदिर के नजदीक रहने वाले मतीन ने बताया कि उन्होंने अपने मकान के सभी छज्जे खुद ही तोड़ दिए हैं। वहीं दूसरी ओर मंदिर पर हर दिन लोग दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। इसी तरह सरायतरीन के मोहल्ला कछवायन में स्थित प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर में भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मंदिरों में भजन कीर्तन भी भक्त कर रहे हैं। यह मंदिर भी 1992 के दंगों के बाद बंद हो गया था। उसके बाद देखभाल का अभाव रहा।
सिरसी में भी पुराने कुएं की खोदाई शुरू कराई
सिरसी के मोहल्ला चौधरियान में काफी समय से बंद पुराने कुएं की नगर पंचायत ने खोदाई शुरू कराई है। लिपिक रईस अहमद ने बताया कि मोहल्ला चौधरियान में जेसीबी से कुएं पर अतिक्रमण को हटवाया जा रहा है।
उसकी खोदाई कराई जा रही है। इसकी खोदाई हो जाने से जल संरक्षण में मदद मिलेगी। कुएं से अतिक्रमण को हटवाकर जल के स्रोत को बढ़ाने की दिशा में कार्य कराया जाएगा।
