संभल-मुरादाबाद मार्ग पर नगर पंचायत सिरसी के पास सोमवार की देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार राजमिस्त्री सहित चार लोग घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान राजमिस्त्री की मौत हो गई है। राज मिस्त्री की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया।
सोमवार की देर शाम मैनाठेर थाना क्षेत्र के लदुपुरा गांव निवासी सचिन कुमार सैनी (33)पुत्र सोमपाल सिंह अपने ममेरे भाई कटघर थाने के कल्याणपुर गांव निवासी गौरव (12) पुत्र नारायन सिंह के साथ बाइक से सिरसी जा रहा था। जैसे ही बाइक नगर पंचायत सिरसी के जवाहरलाल मैमोरियल इंटर कॉलेज के पासपहुंची, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से आमने सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में सचिन और गौरव के साथ दूसरी बाइक पर सवार हजरत नगर गढ़ी थाने के मिठौली गांव निवासी और पेशे से राजमिरुत्री तहसीन (50) पुत्र शौकिन और राकेश जाटव (16)पुत्र भजन लाल घायल हुए। तहसीन और राकेश सिरसी से घर वापस लौट रहें थे। चारों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान डाक्टरों ने तहसीन की हालत गंभीर देख उसे मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। परिवार के सदस्य तहसीन को बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले गए थे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी खबर परिजनों को लगी तो कोहराम मच गया। तहसीन के चार पुत्र और पुत्री हैं। जिनकी गुजर बसर पर अब संकट पैदा हो गया है। दूसरी तरफ अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा।