अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने फिर से शिकंजा कसा है। महमूदखां सराय में रेतला तालाब के आसपास हुई अवैध प्लाटिंग पर बृहस्पतिवार को एसडीएम, सीओ मौके पर पहुंचे। डलवाईं गईं सड़कों को जेसीबी से तुड़वाया। एसडीएम ने बताया कि अवैध निर्माण करा लेने वाले लोगों को भी नोटिस भेजा जाएगा। अन्य लोगों से आग्रह है कि वह ऐसे स्थानों पर प्लाट न खरीदें।
उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र और पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार बृहस्पतिवार को नगर के मोहल्ला महमूदखां सराय में पहुंचे। यहां रेतला तालाब के आसपास हो रही अवैध प्लाटिंग की जानकारी की। उप जिलाधिकारी ने बताया कि तालाब के आसपास की जमीन में अवैध प्लाटिंग की गई है। सात-आठ लोगों ने निर्माण कार्य भी करा लिए हैं। प्लाटिंग के लिए न लेआउट हुआ और न रेरा में कोई रजिस्ट्रेशन है। बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोग भ्रमित होकर प्लाट न खरीदें। अनाधिकृत निर्माण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। अवैध प्लाटिंग की जहां से भी शिकायतें मिलेंगी, वहां जाकर जांच की जाएगी। किसी भी हाल में कहीं अवैध प्लाटिंग नहीं होने दी जाएगी।