किसान दिवस में किसी ने ग्रामीण अंचलों में बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था होने का मुद्दा उठाया तो किसी ने आलू के बीज की मात्रा बढ़ाए जाने की बात कही।
बुधवार को सुबह करीब 11 बजे सीडीओ कमलेश सचान की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में किसानों की पैरवी करते हुए चंद्रपाल सिंह ने कहा कि किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले आलू के बीजों की मात्रा बढ़ाई जाए। जिससे किसानों को पर्याप्त मात्रा में आलू के बीज मिल सके। वीरेश यादव ने धान के क्रय केंद्रों को बढ़ाए जाने का मुद्दा उठाया। वीरेंद्र सिंह राघव ने सरकारी नलकूपों से किसानों को पानी उपलब्ध न होने तथा दीपक शर्मा ने ग्राम पंचायतों में खराब गुणवत्ता की सीसी टाइल्स लगाए जाने को लेकर ग्राम पंचायतों में औचक निरीक्षक कराए जाने की बात कही। हुकुम सिंह मीणा ने अपने-अपने मुख्यालय पर अधिकारियों के न रुकने तथा ग्राम पंचायतों में नियमित खुली बैठक न कराए जाने का मुद्दा उठा। इस बीच लंपी समेत वीनस शुगर मिल मझावली से ब्याज समेत बकाया भुगतान दिलाए जाने, जायद की फसल के तहत मक्का की खरीद कराए जाने का मुद्दा छाया रहा। इस बीच कई बार किसानों की अफसरों से नोकझोंक भी हुई। किसानों ने बैठक में गैर हाजिर रहे अधिकारियों के खिलाफ स्पष्टीकरण तलब करते हुए कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में आशिक रजा, उदयवीर सिंह यादव, किशनपाल सिंह राणा व लकी रस्तोगी रहे।