संभल। शहर में आए दिन लगने वाले जाम को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इसीक्रम में बृहस्पतिवार को हसनपुर मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। एसडीएम और नगर पालिका के अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क किनारे हुए कब्जे को जेसीबी चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान शुरू होते ही दुकानदार ने अपने-अपने सामानों को हटाना शुरू कर दिए थे। शहर के चौधरी सराय मोहल्ले में भैंस नदी पर बने अवैध मकान को तोड़ दिया गया। विरोध करने वालों से निपटने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती रही।
बृहस्पतिवार को एसडीएम अभिनव गोपाल के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान नगर पालिका ईओ रामपाल सिंह मय पालिका की टीम और पुलिस बल के साथ चौधरी सराय पहुंचे। इस दौरान हसनपुर जाने वाले मार्ग पर सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने का कार्य शुरू किया गया। यहां अवैध कब्जा कर नाले पर छप्पर और स्लैब के साथ टीन शेड डालकर दुकान खोेले गए थे, जिसे जेसीबी से हटाया गया। इसी क्रम में मंडी समिति के बाहर सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए दुकानों व अन्य प्रकार के निर्माणों को भी जेसीबी की मदद से तोड़ कर हटाया गया। साथ ही सड़क किनारे दुकानदारों के द्वारा फैलाए गए सामानों व टीन से बने खोखों को भी हटाया गया। जेसीबी चलती देख अन्य अतिक्रमणकारियों ने खुद से अपना सामान समेटना शुरू कर दिया था। वहीं कुछ दुकानदारों ने सामान हटाने के लिए एक घंटे का समय मांगा। इस दौरान अन्य दुकानदारों में खलबली मची रही। अभियान के दौरान एसडीएम अभिनव गोपाल के साथ ईओ नगर पालिका, कोतवाली प्रभारी पंकज लवानियां, हयातनगर प्रभारी राजेश सोलंकी के साथ साथ पीएसी बल तैनात रहा।