धनारी। अलीगढ़-बरेली रेलवे ट्रैक पर थाना क्षेत्र में लिंक एक्सप्रेस की चपेट में आने से आठ छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। छुट्टा पशुओं को जेसीबी से गड्ढा खोदकर दबाया गया। मौके पर पहुंचे भाकियू असली के कार्यकर्ताओं ने घटना को लेकर रोष जताया। थाना क्षेत्र के गांव भागनगर उर्फ मनिहार नगला से 500 मीटर दूरी पर अलीगढ़-बरेली रेलवे ट्रैक है। थाना क्षेत्र में काफी संख्या में छुट्टा पशु हैं। बुधवार की सुबह चार बजे सूबेदार गंज से देहरादून जा रही लिंक एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान रेलवे ट्रैक पर मौजूद आठ छुट्टा पशु चपेट में आ गए। ट्रेन के इंजन की टक्कर से पशु दूर जा गिरे और उनकी मौत हो गई। इसके बाद लिंक एक्सप्रेस के लोको पायलट ने ट्रेन रोककर घटना से कंट्रोल रूम को अवगत कराया।
सुबह छह बजे घटना की जानकारी होने पर काफी संख्या में ग्रामीण रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। गोवंशीय पशु रेलवे ट्रैक के आसपास मृत अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम संदीप कुमार वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुन्ना लाल यादव व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम ने घटना की जानकारी की। इसके बाद जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदवाकर उनके दबाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। उधर घटना की जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रमुख सचिव ऋषिपाल सिंह कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर जा पहुंचे और घटना को लेकर रोष व्यक्त किया। वहीं प्रशासन ने दावा किया कि हादसे में चार गोवंशीय पशुओं की मौत हुई है।