जिले में ओवर लोडिंग वाहनों व डग्गामार गाड़ियों का संचालन प्रत्येक दशा में बंद किया जाए। यह बात डीएम मनीष बंसल ने कही। वह शुक्रवार की शाम कलक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इस बीच डीएम ने त्यौहारों के मद्देनजर जिले भर में मिठाई की दुकानों समेत दूध की डेयरियों की चेकिंग किए जाने के निर्देश दिए। वहीं डीएम ने कर-करेत्तर को लेकर बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली समेत आरसी व प्रवर्तन कार्य आदि की समीक्षा की। इस बीच डीएम ने सबसे पहले कर करेत्तर के तहत स्टांप एवं निबंधन, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वानिकी, सिंचाई, खनन व विद्युत विभाग आदि की लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व प्राप्ति की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि जीएसटी की चोरी पर अंकुश लगाते हुए लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करें। जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बंद किया जाए। एसडीएम भ्रमणशील रहते हुए अवैध भट्ठों के खिलाफ कार्रवाई करें। ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति दुरुस्त करें। दूसरी समस्याओं का भी समय से निस्तारण किया जाए। डीएम बोले, सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदार विभागों की ओर से जारी की गईं आरसी के आधार पर शत-प्रतिशत वसूली कराएं। विद्युत विभाग की आरसी को लेकर बड़े बकायेदारों को चिंहित करते हुए शत-प्रतिशत वसूली की जाए। मिठाई की दुकानों व दूध की डेयरियों पर प्रति दिन सैंपल लिए जाएं। पीईटी परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्र के आसपास बिकने वाले खाद्य पदार्थों को भी चेक किया जाए। इसके अलावा वन विभाग की ओर से जिले में संचालित आरा मशीनों को चेक किया जाए।
एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी व डीएफओ अरविंद कुमार समेत डीआईओ बृजेश कुमार तथा एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार आदि रहे।