एडीएम व एएसपी से मासूमों ने पूछा: जब पापा की माफिया हत्या कर देंगे...तक कार्रवाई करेगा पुलिस-प्रशासन
तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एडीएम प्रदीप वर्मा, एएसपी श्रीश्चंद्र फरियादियों की शिकायत सुन रहे थे। इस बीच दस साल की लड़की व आठ साल का लड़का मौके पर पहुंचे। उनके हाथ में तख्तियां थी। जिस पर भू-माफिया, खनन माफिया की प्रशासन से गठजोड़ पर सवाल थे। यह देखकर अधिकारियों में खलबली मच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संभल जिले के गुन्नौर तहसील परिसर में एडीएम व एएसपी के सामने दो बच्चे हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे। स्लोगन में लिखा था 'क्या मेरे पापा की माफिया परिवार द्वारा हत्या करने पर कार्रवाई करेगा प्रशासन'। इसे देखकर अधिकारी हैरान रह गए।
एडीएम व एएसपी ने बच्चों से बात की और तहसीलदार को मामले में जांच के आदेश दिए। बच्चों को तहसील लाने वाले के खिलाफ नोटिस जारी करने की बात कही है। शनिवार को तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस चल रहा था।
एडीएम प्रदीप वर्मा, एएसपी श्रीश्चंद्र फरियादियों की शिकायत सुन रहे थे। इस दौरान क्षेत्र के गांव गोंठना के रहने वाले दस साल की लड़की व आठ साल का लड़का समाधान दिवस में पहुंचे थे। उनके हाथ में तख्तियां थी।
जिस पर भू-माफिया, खनन माफिया की प्रशासन से गठजोड़ पर सवाल थे। यह देखकर अधिकारियों में खलबली मच गई। एडीएम ने दोनों बच्चों को अपने पास बुलाया और उनकी पूरी बात सुनी। उन्हें समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन देकर गाड़ी से घर भेज दिया।
बच्चों ने शिकायती पत्र में बताया कि गुन्नौर के एक भूमाफिया ने अवैध रूप से कई जगह अपने पट्टे कब्जाए हुए है। गुन्नौर हीरापुर में उनके पिता का एक प्लाट है। उस पर भूमाफिया ने कब्जा करा लिया है। तहसील से उनके पक्ष में आदेश हो गया फिर भी प्लाट खाली नहीं हुआ।
आरोपी कम पैसों में बेचने के लिए दबाव बना रहा है। जांच में दोषी होने पर भी प्रशासन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है। उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। वह 20 दिन से घर नहीं आए। एडीएम ने इस मामले में तहसीलदार को निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए।
बच्चों को लाने वालों के खिलाफ जारी होगा नोटिस
गुन्नौर तहसील परिसर में आयोजित हुए संपूर्ण समाधान दिवस में दोनों बच्चों को लाने वाले लोगों के खिलाफ अपर पुलिस अधीक्षक ने नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के लिए क्षेत्राधिकार गुन्नौर को निर्देश दिए। गुन्नौर क्षेत्र अधिकारी आलोक सिद्धू ने बताया कि बच्चों को लाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।
तहसीलदार को जांच सौंपी है। निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वही बच्चों को तहसील लाने वालों के खिलाफ भी नोटिस जारी होगा। -प्रदीप वर्मा, एडीएम संभल।