Sambhal: जम्मू व उत्तराखंड के युवकों से लाखों की धोखाधड़ी, हिमाचल के दो लोगों पर केस, सरकारी नौकरी का झांसा
सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के युवकों से लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस बारे में संभल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया है।
विस्तार
चंदौसी की वीआर धर्मशाला में पकड़े गए जम्मू और उत्तरांखड के युवकों से हिमाचल के दो युवकों पर नौकरी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने हिमाचल के दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक जम्मू के दो युवकों के परिजन चंदौसी पहुंचे हैं। जबकि अन्य के परिजनों को भी बुलाया है।
जम्मू कश्मीर राज्य के जिला कठुआ थाना हीरानगर के छन खत्रियान निवासी अमर सिंह उर्फ अमन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके गांव निवासी युवक पंकज की मुलाकाल जून 2023 में जम्मू में ही हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नगरौटा निवासी निशांत शर्मा से हुई थी।
निशांत ने पंकज को झांसे में लिया और बताया कि हिमाचल के जिला कांगड़ा निवासी उसका दोस्त संजय की रेलवे में बड़े अधिकारियों से जान पहचान है। वह 80 हजार रुपये में रेलवे में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवा देगा। इसके बाद निशांत व संजय ने उसके दोस्त व गांव के करीब 15 युवकों को अलग अलग पदों पर नौकरी लगवाने की बात कहकर खातों में पैसे डलवाते थे।
फिर गांव निवासी पंकज से एटीएम से निकलवा लेते थे। आरोपियों ने ज्वाइनिंग लेटर दिलवाने के लिए उन्हें चंदौसी बुलाया था। यहां पर निशांत व संजय ने पांच-पांच हजार रुपये ज्वाइनिंग लेटर दिलाने की बात कहकर ले लिए। यहां मामला उजागर होने पर ठगी का एहसास हुआ।
आरोप है कि अब निशांत व संजय से पैसे मांगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने अमर सिंह उर्फ अमन की तहरीर पर हिमाचल प्रदेश निवासी आरोपी निशांत शर्मा व संजय के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में धारा 406, 417, 420, 504, 506 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इन युवकों से हुई धोखाधड़ी
जम्मू के जिला कठुआ थाना हीरानगर के छन खत्रियान अमन सिंह उर्फ अमन, राहुल, उसके भाई हैप्पी, सन्नी सिंह, जगवीर सिंह, थाना रनवीर सिंह पुरम गांव बड़ेवाल काजिया निवासी जितेंद्र कुमार, जिला चट्टा गांव नंदवाल निवासी अवनीश चौधरी, अजय कुमार, जिला कठुआ थाना लखनपुर गांव जंडोर निवासी चेतन, जिला जम्मू थाना सतवारी गांव लक्ष्मणपुरा निवासी अमन कटल से ठगी हुई है।
इसके अलावा जिला सांबा गांव पल्थ निवासी सनी चौधरी उर्फ कन्नू, उत्तराखंड के जिला अल्मोड़ा गांव गली बसुरा निवासी महीपाल, हिमाचल प्रदेश के जिला कांड़ा थाना भवारना गांव झरेट जगिय निवासी अनुज राणा से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की गई है।
दो युवकों के पहुंचे परिजन, अन्य का इंतजार
जम्मू, उत्तराखंड के युवकों के परिजनों को पुलिस ने बुलाया गया है। अभी तक दो युवकों के परिजन आए हैं। पुलिस को अन्य युवकाें के परिजनों का इंतजार है। परिजनों के आने पर ही युवकों को उनके सुपुर्द किया जाएगा।
जम्मू व उत्तराखंड के युवकों के साथ धोखाधड़ी हुई है। उनकी तहरीर पर हिमाचल प्रदेश के दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सभी युवकों के परिजनों को बुलाया गया है। उनके आरोपी युवक परिजनों के सुपुर्द कर दिए जाएंगे। धोखाधड़ी के मामले की जांच की जाएगी। -डॉॅ. प्रदीप कुमार, सीओ चंदौसी।