Saharanpur: छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडा मारकर उतारा मौत के घाट, इस बात पर हुआ था विवाद
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक युवक ने अपने बड़े भाई के सिर में डंडा मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आरोपी भाई को नामजद करते हुए तहरीर दी गई है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के बड़गांव क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा खुर्द में एक भाई ने अपने सगे भाई के सिर पर डंडे से वारकर मौत के घाट उतार दिया। भाई की हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आई। हत्या का कारण मामूली विवाद बताया जा रहा है इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक के बड़े भाई बिजेन्द्र ने छोटे भाई को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है।
शुक्रवार की देर रात थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा खुर्द में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की सिर में डंडा मारकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी अनिल और मृतक रविन्द्र (40) पुत्र रामरतन के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद इतना बढ़ा कि छोटे भाई ने घर में रखे डंडे से भाई के सिर पर वार कर दिया। आसपास के लोगों द्वारा घायल को देवबंद अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद से मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय दोनों भाई शराब पीकर घर आये थे। जिसके बाद दोनों भाइयों में मामूली विवाद हो गया इस दौरान छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई के सिर पर डंडे से वार कर हत्या की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
बताया जाता है कि मृतक की शादी नहीं हुई थी। मृतक अपने पिता रामरतन के यहां संतान के रूप में चार भाई हैं सबसे बड़ा बिजेन्द्र दूसरे नम्बर पर मृतक रविन्द्र तीसरे नम्बर का भाई अनिल चौथे नम्बर का भाई आरोपी अनिल है।
उधर सीओ देवबंद अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि बड़गांव थाना क्षेत्र के नन्हेड़ा खुर्द में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर डंडेसे वार कर हत्या कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर हत्यारोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।