Saharanpur: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मृतका के भाई ने लगाया जहर देकर मारने आरोप
Saharanpur News : सहारनपुर के एक गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुरालियों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है।
विस्तार
सहारनपुर में कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव ताजपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध की परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है।
शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे गांव ताजपुरा निवासी लियाकत की पत्नी रेशमा (25) की हालत बिगड़ गई। पुलिस के अनुसार, उसके पति ने उसे गांव में ही एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए भर्ती कराया। शनिवार की सुबह पांच बजे रेशमा की उपचार के दौरान मौत हो गई।
सूचना के बाद मृतका रेशमा का भाई आजाद अंबेहटा पीर के चेयरमैन नईम अहमद व अन्य परिजनों के साथ ताजपुरा पहुंचा। उसने बेहट पुलिस को सूचना दी कि उसकी बहन को ससुरालियों ने दहेज के लिए जहर देकर मार दिया है। इस पर इंस्पेक्टर और सीओ शशि प्रकाश शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
यह भी पढ़ें: UP: जातीय गणित में उलझे पश्चिम के सियासी हालात पर विशेष रिपोर्ट, पढ़िए चुनाव पर कितना असर डालेंगी ये पंचायतें
प्रथम दृष्टया विवाहिता की मौत जहर से होना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल, मृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। - योगेश शर्मा, इंस्पेक्टर
यह भी पढ़ें: Ground Report Baghpat : बागपत में चौधरी बनने की लड़ाई, अंदरखाते चल रही है 'मुखर' बनाम 'मौन' में जंग