चिलकाना (सहारनपुर)। गांव नथमलपुर में निकट के गांवों का बरसात का पानी भर गया। गांव के आंगनबाड़ी केंद्र सहित कई घरों में पानी भर गया। इससे लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने डीएम से हस्तक्षेप कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने और रावणपुर गांव के पास खोदे नाले को बंद कराने की मांग की।
गांव नथमलपुर में निकट के गांव रावणपुर, दौलतपुर तथा दानतपुर का बरसाती पानी आ गया। पहले यह पानी नन्दो नाले के रास्ते गांगरो नदी में जा रहा था। दो माह पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने रावणपुर, दानतपुर गांव के निकट नाला खोदकर दिया था। दौलतपुर तथा रावणपुर के रकबे में खोदा गये नाले का पानी नथमलपुर की तरफ जाने लगा था। इस नाले के कारण गांव नथमलपुर में बाहरी पानी आने लगा है। दो दिन से रात्रि में हो रही बरसात के कारण दूसरे गांवों का पानी आने से नथमलपुर के चारों तरफ बरसाती पानी भर गया है। गांव में बना आंगनबाड़ी केंद्र, कई घर भी इस पानी की जद में आ गए हैं। पहले यह पानी गांगरो नदी में जाता था, लेकिन रास्ते में नाले की खोदाई करने के कारण अब पानी वहां नहीं जा पा रहा है। दो माह पहले ही प्रधान मेहरबान, ज्ञानचंद, बलराम, पीलचंद सैनी, आरिफ, राजकुमार, सोनू, राजेंद्र आदि ने डीएम को पत्र लिखकर अवगत कराया गांव रावणपुर के पास खोदे नाले के कारण गांव में बरसात का पानी आ सकता है। बरसाती होने से गांव में धान और गन्ने की फसल डूब गई है। ग्रामीणों ने डीएम से हस्तक्षेप कर गांव में घुसे पानी की निकासी की व्यवस्था कराने और रावणपुर के पास खोदे नाले को बंद कराने की मांग की।

चिलकाना के गांव नथमलपुर में घुसा दूसरे गांव का पानी- फोटो : SAHARANPUR