सहारनपुर में चला बुलडोजर: सरकारी संपत्ति को कराया कब्जा मुक्त, अवैध कॉलोनी में भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
सहारनपुर में आज कई जगहों पर बुलडोजर चला। प्रशासन की टीम ने सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया है।
विस्तार
सहारनपुर में सरकारी संपत्ति को कब्जामुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ लबकरी गांव में पशुओं के चारागाह और तालाब की भूमि को कब्जामुक्त करा दिया। उधर, मल्हीपुर रोड पर भी अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला।
तहसीलदार तपन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम बुलडोजर लेकर लबकरी गांव में पहुंची। यहां खसरा नंबर 336 रकबई 0.113 (चारागाह) हेक्टेयर सरकारी भूमि पर नरेश पुत्र कश्मीरा ने अवैध रूप से कब्जा कर उस पर चहारदीवारी का निर्माण कर लिया था। जिसे ग्राम प्रधान की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।
इसके बाद खसरा नंबर 69 रकबई 0.052 को ट्रैक्टर चलवाकर कब्जा मुक्त कराया गया। उक्त भूमि तालाब की है। जिस पर ग्रामीण कलीराम पुत्र रायमल ने अवैध कब्जा कर रखा था। कलीराम ने इस भूमि पर गन्ने की फसल बो रखी थी। अधिकारियों इसकी पैमाइश कराकर इसे कब्जा मुक्त करा दिया।
एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि जहां कहीं भी सरकारी संपत्ति अथवा तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत मिल रही है तो तुरंत वहां टीम भेजकर उसे कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने चेताया यदि कब्जा मुक्त की गई सरकारी भूमि पर दोबारा से कब्जा किया गया तो जांच कराकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: मेरठ में सीएम योगी: ऐसा पहली बार- चंद घंटों का दौरा और इन प्रसिद्ध स्थानों पर घूमे मुख्यमंत्री, देखें हर कार्यक्रम की खास तस्वीरें
अवैध कॉलोनी में ध्वस्तीकरण किया
विकास क्षेत्र के जोन चार के तहत मल्हीपुर रोड पर दो लोगों द्वारा करीब 40 बीघा भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही है। जिसमें सड़क बनाने का कार्य चल रहा है। बड़ी संख्या में प्लॉट बेचे जा चुके हैं। प्लॉट स्वामियों ने नीव आदि भरी हुई है।
यह भी पढ़ें: सीएम का मेरठ दौरा: विक्टोरिया पार्क पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, पढ़िए कार्यक्रम का पूरा अपडेट
वहीं मंगलवार को प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी के जरिए कॉलोनी में हुए सड़क और नीव आदि के निर्माणों को ध्वस्त किया। टीम में अधिशासी अभियंता अनिल मिश्रा, सहायक अभियंता पीके शर्मा, अवर अभियंता प्रदीप कुमार गोयल आदि शामिल रहे। उधर, विकास प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को नकुड़-गंगोह रोड और टपरी रोड पर हो रहे अनाधिकृत निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया।