सरकार के खिलाफ गुस्सा: बैंक कर्मियों की हड़ताल से 400 करोड़ का लेन-देन प्रभावित, लोगों को उठानी पड़ी परेशानी
बैंक कर्मियों की हड़ताल से जिले में 400 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है। वहीं बैंक कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में बैंकों के निजीकरण के विरोध में एसबीआई और निजी बैंकों को छोड़कर दूसरे दिन भी सभी बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे, जिन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबजी करते हुए प्रदर्शन किया। दो दिन में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से करीब 400 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ है। वहीं कुछ एटीएम पर कैश खत्म होने की वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
मंगलवार को यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन के तत्वावधान में बैंक कर्मचारियों ने देहरादून रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा के बाहर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सचिव प्रदीप गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार जनविरोधी नीतियां लागू करने में लगी है। बैंकों के निजीकरण के विरोध में पूरे देश में कर्मचारी हड़ताल पर हैं। पूर्व में भी धरने और प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन सरकार अपनी मनमानी से बाज नहीं आ रही है। अध्यक्ष राजीव कुमार जैन ने कहा कि बैंकों का निजीकरण किसी भी तरह से ठीक नहीं है। इससे एक तरफ जहां बेरोजगारी फैलेगी, वहीं उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सचिव राजीव माहेश्वरी ने कहा कि नई पेंशन योजना भी समाप्त की जाए और कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिया जाए। सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारियों की समस्याओं का भी समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार अगर अपनी मनमानी से पीछे नहीं हटी तो भविष्य में भी आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, एलडीएम संतोष कुमार ने बताया कि हड़ताल से दो दिन में 400 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ है।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार के छह मंत्री: विभाग मिलते ही किए बड़े वादे, कोई दूसरी बार तो कोई पहली बार निभाएगा अहम जिम्मेदारी
300 शाखाएं रहीं बंद, ज्यादातर पर रही तालाबंदी
जिले भर में एसबीआई और निजी बैंकों को छोड़कर अन्य सभी बैंकों की करीब 300 शाखाएं बंद रहीं। कुछ बैंक खुले रहे, लेकिन उनमें भी कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जो कार्य बहिष्कार किए हुए थे। ज्यादातर बैंकों पर तालाबंदी रही। ऐसे में उपभोक्ता परेशान होते नजर आए। वहीं, कोर्ट रोड व दिल्ली रोड पर अलग-अलग बैंकों के एटीएम कैश खत्म होने की वजह से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी है।
यह भी पढ़ें: भाकियू कार्यकर्ता भड़के: 24 घंटे में दूसरी बार शिवाया टोल पर कब्जा, सभी लाइनें कराईं फ्री, जानें क्यों है इतना गुस्सा
समाधान निकाले सरकार
नीलकंठ विहार निवासी उपभोक्ता दीपक गुप्ता और दिल्ली रोड निवासी धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि सरकार को समाधान निकालना चाहिए। आए दिन बैंक कर्मचारी हड़ताल रखकर प्रदर्शन करते हैं, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है।