सहारनपुर। महानगर के मोहल्ला आनंद नगर में चोर ने जंजीर में बंधे जनरेटर को चोरी करने की कोशिश की। जंजीरों को तोड़कर चोर जनरेटर ले जाने लगा तो कुत्ते भौंकने लगे, इससे घर के लोग भी जाग गए और चोर कुछ ही दूरी पर जनरेटर छोड़कर भाग गया। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ, इसकी वीडियो वायरल भी हो र्गई।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ला आनंद नगर निवासी नासिर खां ने बताया कि उनके आवास के बाहर जनरेटर रखा है, इसे जंजीर से बांधकर रखा गया है। सोमवार को सुबह तीन और चार बजे के बीच एक चोर जनरेटर के पास आया और जंजीर तोड़कर जनरेटर लेकर जाने लगा। इसी दौरान चोर देखकर कुत्ते भोंकने लगे और लोगों के जागने पर आरोपी कुछ ही दूरी पर जनरेटर छोड़कर भाग गया। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में उनके जनरेटर पास एक चोर जंजीर तोड़कर जनरेटर ले जाते हुए नजर आ रहा है, जबकि कुछ ही दूरी पर एक संदिग्ध व्यक्ति भी घूमता हुआ दिख रहा है। नासिर का कहना है कि इससे पूर्व भी उनके मोहल्ले में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। घटना के संबंध में थाना कुतुबशेर में तहरीर दी। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वीडियो फुटेज के आधार पर चोर की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।