सहारनपुर। नवादा रोड स्थित गांधी कॉलोनी में सड़क, नाली और सफाई की सुविधा नहीं मिलने से नाराज लोगों ने सोमवार को नगरायुक्त के दफ्तर पर धरना और नारेबाजी की। इसके बाद महापौर से मिलकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू के नेतृत्व में धरने पर बैठे संजय, सुशीला, रानी, कुसुम, राधा और उमेश ने बताया कि उनकी कॉलोनी काफी पुरानी है। वह कई साल से नगर निगम को टैक्स भी चुका रहे हैं, मगर कॉलोनी की छोटी और बड़ी सभी सड़कें कच्ची हैं। निकासी की भी व्यवस्था नहीं है, जिसकी वजह से कीचड़ रहता है। उन्होंने नगर निगम पर सफाई नहीं कराने तथा कभी फॉगिंग और सैनिटाइजेशन भी नहीं कराने का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने चंद्रजीत सिंह निक्कू के नेतृत्व में महापौर संजीव वालिया से मुलाकात कर उनको अपनी समस्याएं गिनाईं। महापौर ने समस्याओं के निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। मिलने वालों में माया, काजल, सिकंदर सिंह, संदीप जैन, दीपक, संध्या, नीलम, शशी, रीना आदि शामिल रहीं।