Saharanpur: ट्रांसफार्मर से टकराया ट्रक, धूं-धूं कर जल उठा, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
सहारनपुर में एक दस टायर वाला ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टकराते ही ट्रक में आग लग गई और वह धूं धूं कर जल उठा। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
विस्तार
फतेहपुर कलसिया मार्ग पर शुक्रवार की सुबह खनिज सामग्री से भरा 10 टायर वाला ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर से ट्रांसफार्मर जोड़े सहित नीचे गिर गया और ट्रक में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र में सुबह पांच बजे हुआ। बेहट की तरफ से आ रहा ट्रक छुटमलपुर नगर पंचायत क्षेत्र के फतेहपुर भादो में कब्रिस्तान के सामने रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गया। जिस समय दुर्घटना हुई आपूर्ति चालू थी। ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया।
तारों के आपस में टकराने से उठी चिंगारी से ट्रक में आग लग गई। चालक परिचालक ने कूद कर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में ट्रक आग का गोला बन गया। इससे आसपास अफरा तफरी मच गई।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलवाया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक कबाड़ में बदल चुका था।
उधर ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन के क्षतिग्रस्त होने के चलते छुटमलपुर नगर पंचायत की आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह के समय दैनिक कार्यों को निपटाने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।