पत्रकार हत्याकांड: दबोचे तीनों हत्यारोपी, एसएसपी बोले- होगी गैंगस्टर-रासुका की कार्रवाई, चार बहनों के इकलौते भाई थे सुधीर
सहारनपुर में पत्रकार हत्याकांड मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया है। एसएसपी का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर और रासुका की कार्रवाई होगी। बताया गया कि सुधीर सैनी चार बहनों का इकलौता भाई था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि आरोपियों पर गैंगस्टर और रासुका की कार्रवाई की जाएगी। उधर, उप-मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों से फोन पर बात की और मदद का पूरा आश्वासन दिया।
ये था मामला
देहात कोतवाली क्षेत्र में गांव दतौली के पास गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद कार सवार तीन युवकों ने पत्रकार सुधीर सैनी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार बरामद कर ली है। पत्रकार की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
जनपद के कसबा चिलकाना निवासी सुधीर सैनी (26) मुजफ्फरनगर से प्रकाशित एक समाचार के चिलकाना के प्रतिनिधि थे। बुधवार की दोपहर वह बाइक से सहारनपुर आ रहे थे। चिलकाना मार्ग पर गांव दतौली के पास पीछे से आ रही कार को ओवरटेक करने को लेकर सुधीर और कार सवारों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपियों ने गाड़ी रोककर सुधीर को मारपीट कर सड़क के किनारे भरे पानी के गड्ढे में फेंक दिया और फरार हो गए। राहगीरों ने देहात कोतवाली और थाना चिलकाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की। इसके साथ ही एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ अजेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौका-मुआयना किया। पत्रकार सुधीर को अस्पताल भिजवाया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार के नंबर की जानकारी पुलिस दी। इसके आधार पर पुलिस ने कार को गांव धौलाहेड़ी से बरामद किया। पत्रकार के पिता तेलूराम की तहरीर पर गांव धौलाहेड़ी निवासी फरमान पुत्र इरफान व जहांगीर पुत्र इकराम और गांव सीकरी खुर्द निवासी मन्नान पुत्र फय्याज के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। देहात कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट कर हत्या करना स्वीकार किया। पत्रकार की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
बेहद गरीब है परिवार, चार बहनों में था इकलौता भाई
पत्रकार सुधीर सैनी का परिवार बेहद गरीब है। उनके बूढ़े माता-पिता हैं। सुधीर मूल रूप से कांधला के निवासी थे। उनके पिता चिलकाना के जैन मंदिर में साफ-सफाई का काम करते हैं। सुधीर चार बहनों के इकलौते भाई थे। चारों बहनों की शादी हो चुकी है। सुधीर के माता-पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है।
यह भी पढ़ें: UP Election 2022: निशाने पर अखिलेश, सीएम योगी बोले- गुंडागर्दी और माफियागर्दी से त्रस्त यूपी आज खुले में ले रहा सांस
पत्रकार की मौत से शोक
सुधीर की हत्या के बाद विधायक डॉ. धर्म सिंह सैनी, राज्य पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष जसवंत सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर, मुकेश चौधरी, साहिल खान, चेयरमैन अकबर कुरैशी, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि जायर हुसैन चांद, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आलोक तनेजा, मान्यता प्राप्त विद्यालय संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन सिंह राठौर सहित कई लोगों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की मांग
सुधीर सैनी की हत्या पर पत्रकारों में भारी रोष है। पत्रकारों ने थाना प्रभारी चिलकाना इंस्पेक्टर को दिए ज्ञापन में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही सुधीर के परिवार को सुरक्षा देने और एक करोड़ मुआवजा देने और आरोपियों पर एनएसए की कार्रवाई की मांग की। वहीं, अधिवक्ता अभय सैनी, रफल सिंह सैनी, विवेक सैनी, दीपक सैनी, मनीष सैनी, शिव कुमार सैनी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
यह भी पढ़ें: UP Chunav 2022: सहारनपुर में घर-घर वोट मांगेंगे अमित शाह, माता शाकुंभरी देवी के पहली बार करेंगे दर्शन
उप-मुख्यमंत्री ने फोन पर की बात
पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सिंह सैनी ने पत्रकार सुधीर सैनी के परिवार को आर्थिक सहायता के लिए जिलाधिकारी और उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से फोन से बात की। उन्होंने कहा कि चुनाव आचार संहिता के चलते सहायता दी जा सकती या नहीं, इसके बारे में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने परिवार की हर संभव मदद का आश्वासन दिलाया।
वीडियो होने की चर्चा
क्षेत्र में चर्चा है कि सुधीर के पास कोई वीडियो था, जिसका संबंध मारपीट करने वाले युवकों से था। पकड़े गए आरोपी खनन कार्य से जुड़े हुए थे। उस वीडियो के बारे में बात करने के लिए सुधीर को बुलाया गया था और मौत के घाट उतार दिया।
लगेगी गैंगस्टर व रासुका : एसएसपी
एसएसपी आकाश तोमर का कहना है कि आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों पर एनएसए भी लगाया जाएगा। इसको लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द शासन को रिपोर्ट भेजकर एनएसए की कार्रवाई कराई जाएगी।