Saharanpur: गनर पति की सर्विस राइफल से गोली मारकर पत्नी ने की आत्महत्या, दो बेटियों के सिर से उठा मां का साया
सहारनपुर के हकीकत नगर में खनन विभाग में तैनात गनर की पत्नी ने सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
विस्तार
सहारनपुर कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के हकीकत नगर में शुक्रवार को खनन विभाग में तैनात गनर की पत्नी ने सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
हकीकत नगर में किराये के मकान में रह रहा था परिवार
खनन विभाग में गनर के पद पर तैनात टिंकू कुमार मूल रूप से मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। वह अपनी पत्नी सविता और दो बेटियों के साथ पिछले करीब दो से तीन वर्षों से हकीकत नगर में मनीष कुमार के मकान में किराये पर रह रहे थे।
यह भी पढ़ें: बागपत डबल मर्डर: पहले नशीली चाय पिलाई, फिर जहर के इंजेक्शन लगाए, तीन लोगों ने गड्ढे खोदकर जिंदा ही दबाया
सर्विस राइफल से मारी गोली
बताया गया कि शुक्रवार को सविता ने घर में रखी सर्विस राइफल से अपनी गर्दन में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की जांच
सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह और एएसपी मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।