Saharanpur: पिता-पुत्र और हिस्ट्रीशीटर अरेस्ट, फर्जी तरीके से बेची थी करोड़ों की जमीन, तीनों पर मुकदमे भी दर्ज
Saharanpur News : देहरादून पुलिस ने पिता-पुत्र और हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। फर्जी तरीके से करोड़ों की जमीन बेचने के मामले में यह कार्रवाई हुई है।
विस्तार
देहरादून पुलिस ने बुधवार की देर रात फर्जी तरीके से करोड़ों की जमीन बेचने के मामले में नवीन ज्वेलर्स के मालिक पिता-बेटे सहित हिस्ट्रीशीटर को भी गिरफ्तार किया है। इन पर धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से छानबीन चल रही थी। तीनों पर मुकदमा भी दर्ज है। तीनों की गिरफ्तारी से व्यापारियों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
बता दें कि बुधवार को देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाना प्रभारी राजीव धारीवाल टीम के साथ सहारनपुर पहुंचे। देर रात कोर्ट रोड स्थित नवीन ज्वेलर्स शोरूम से हरिप्रकाश मित्तल व उनके बेटे नवीन मित्तल को गिरफ्तार किया।
इसके बाद देहरादून पुलिस कोर्ट रोड पर ही प्रॉपर्टी डीलर सुशील गाबा के यहां पहुंची और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। सुशील गाबा हिस्ट्रीशीटर भी है, जो पूर्व में धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुका है। पिता-बेटे व हिस्ट्रीशीटर पर आरोप है कि इन्होंने डीके मित्तल दंपती की मौत के बाद फर्जी तरीके से जमीन बेची थी।
यह भी पढ़ें: मेरठ से ग्राउंड रिपोर्ट: भीषण गर्मी में बचपन बेहाल, बेसिक स्कूलों में बिन पंखे पढ़ रहे नौनिहाल
उधर, पुलिस को केस में कुछ बड़े लोगों के शामिल होने का पता लगा। इसी मामले में देहरादून पुलिस ने बुधवार की देर रात यहां आकर तीनों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि देहरादून पुलिस पिछले कई दिनों से इन पर नजर रख रही थी।
यह भी पढ़ें: Double Murder: खुलासे के बेहद करीब पुलिस, दो से ज्यादा हो सकते हैं हत्यारे, अब सामने आई ये चौंकाने वाली बात