सहारनपुर : कोरोना पीड़ित व्यापारी की अस्पताल में मौत, पत्नी ने सदमें में आकर जहरीला पदार्थ खाकर दे दी जान
डिंपल गुर्जर मूल रूप से रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव जंधेड़ा के रहने वाले थे। उनके बड़े भाई संजय वर्मा ( गुर्जर ) ने बताया कि उनकी कोर्ट रोड पर डीआईजी ऑफिस के पास फोटो-स्टेट की शॉप है। वह कई वर्षों से परिवार के साथ कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की पंजाबी कालोनी में रह रहे थे।
डिंपल के बेटे की करीब दो वर्ष पहले छत से गिरकर मौत हो गई थी। तीन दिन पहले डिंपल को कोरोना होने पर पिलखनी स्थित सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मंगलवार देर रात उपचार के दौरान डिंपल कोरोना वायरस से जंग हार गए और उनकी मौत हो गई।
यह खबर जैसे ही पंजाबी बाग में घर पर मौजूद पत्नी सुनीता को चली तो, वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाई और घर में रखा जहरीला पदार्ख खा लिया। इस बात का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन सुनीता को लेकर दिल्ली रोड स्थित एक प्राईवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टर सुनीता को बचा नहीं सके। कुछ ही देर बाद सुनिता ने भी दम तोड़ दिया।
सुनीता की सबसे छोटी बेटी करीब डेढ़ साल की है। व्यापारी और उनकी पत्नी की उम्र 35 से 40 के बीच ही थी। दंपती की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इस घटना के बाद से अब तीनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे छोटी बेटी को अभी यह भी समझ नहीं है उसके सिर से मा-बांप का साया उठ गया है।