Saharanpur: एआई से बनाई फर्जी पोस्ट वायरल, बसपा में शामिल होने का दावा, पूर्व विधायक ने की शिकायत
सहारनपुर में भाजपा के पूर्व विधायक नरेश सैनी को बसपा में शामिल होने का दावा करने वाली एआई से तैयार कथित फर्जी पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पूर्व विधायक ने इसे झूठा बताते हुए एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
सहारनपुर में सोशल मीडिया पर भाजपा के पूर्व विधायक नरेश सैनी को बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने का दावा करने वाली एआई से तैयार कथित फर्जी पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में उन्हें बसपा सुप्रीमो के साथ दिखाया गया है। पूर्व विधायक ने इसे पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एआई से तैयार बताई गई फर्जी पोस्ट
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि सहारनपुर में भाजपा को बड़ा झटका देते हुए पूर्व विधायक नरेश सैनी बसपा में शामिल हो गए हैं। पोस्ट में एआई की मदद से तैयार की गई कथित तस्वीर का भी इस्तेमाल किया गया है, जिसमें उन्हें बसपा सुप्रीमो के साथ दिखाया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: बिजनौर में हत्या, पत्नी की नौकरी पर विवाद, सोते हुए साले पर दामाद ने बरसाए ताबड़तोड़ चाकू, आरोपी गिरफ्तार
पूर्व विधायक बोले-भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता हूं
नरेश सैनी ने वायरल पोस्ट को पूरी तरह फर्जी करार देते हुए कहा कि उनका बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने का दावा निराधार है। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और पार्टी के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं।
एसएसपी से शिकायत, कार्रवाई की मांग
पूर्व विधायक ने मामले की लिखित शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को देकर फर्जी पोस्ट तैयार करने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
पूर्व विधायक ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और भ्रामक सामग्री को साझा करने से बचें।