सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्र के गांव संभालकी जुनारदार में नाली के विवाद में हुए झगड़े में दो भाइयों की एक बुजुर्ग से मारपीट हो गई। विवाद में बुजुर्ग की गिरकर मौत हो गई। आरोपियों ने झगड़े के दौरान हंगामा भी किया। आरोपी भाइयों के खिलाफ पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों आरोपी फरार हैं।
गांव संभालकी जुनारदार निवासी आबिद (75) का पड़ोसी रियाज खान के परिवार के बीच नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर आए दिन दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी है। आबिद के पुत्र फारूख ने दर्ज कराए मामले में बताया कि मंगलवार रात भी पानी की निकासी को लेकर झगड़ा हो गया। पड़ोसी रियाज खान के पुत्र रईस व शाहबाज ने उसके पिता आबिद के साथ मारपीट करते हुए हंगामा कर दिया, जिसमें उसके पिता गली में गिरकर बेहोश हो गए। परिवार के लोग आबिद को अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना जनकपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपियों के खिलाफ पीड़ित परिजनों ने कार्रवाई की मांग की। फारूख की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है, जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।