सहारनपुर। गृह कर के बड़े बकाएदारों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने एक ओर जहां पेपर मिल रोड और खाताखेड़ी में कई दुकानों को सील किया। वहीं दूसरी ओर 100 से अधिक भवनों पर कुर्की के नोटिस चस्पा किए गए। इसके अलावा 25 लाख रुपये की वसूली भी की गई।
शुक्रवार को मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रवीश चौधरी के नेतृत्व में खाताखेड़ी, रेंच का पुल, नीम वाली मस्जिद के पास और पेपर मिल रोड पर 100 से अधिक बकाएदारों के भवनों पर कुर्की के नोटिस चस्पा किए गए, साथ ही आधा दर्जन दुकानों को सील किया गया। सील व कुर्की के नोटिस की कार्रवाई से बकाएदारों में खलबली की स्थिति रही। कार्रवाई से बचने के लिए कई बकाएदारों ने चेक और नकद कर जमा कराया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि निगम बकाएदारों के खिलाफ कर वसूली के लिए अभियान चला रहा है। बकाएदारों को यदि कार्रवाई से बचना है तो उन्हें कर जमा कराना होगा। रवीश चौधरी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कार्रवाई के दौरान तथा शहर के नेहरू मार्केट, शारदा नगर, पैरामाउंट कॉलोनी व नीम वाली मस्जिद के पास लगाए गए वसूली शिविरों में कुल 25 लाख रुपये की वसूली की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में कर अधीक्षक सुधीर शर्मा, विनय शर्मा, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी, नरेश, हेमराज, प्यार सिंह, शिव कुमार, नवाबुद्दीन, प्रवीण, जगपाल, विक्रम, रणदीप, आरआई विकास, टीसी रविंद्र आदि मौजूद रहे।