Saharanpur: एलपीजी गैस के सिलेंडर्स से भरा ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला
गागलहेड़ी में करनाल से देहरादून जा रहा एलपीजी गैस सिलेंडर्स से भरा ट्रक नील गाय को बचाने के दौरान हादसे का शिकार हो गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
विस्तार
बुधवार सुबह को करनाल से कमर्शियल एलपीजी गैस से भरा ट्रक देहरादून जा रहा था। जैसे ही ये ट्रक कैलाशपुर और गागलहेड़ी थाने के बीच पहुंचा तो उसके सामने अचानक से नील गाय आ गई। जिससे चालक ट्रक को नियंत्रण नहीं कर पाया और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरा।
इस दौरान चालक ट्रक के पलटते ही वहां से दूर भागकर खड़ा हो गया ओर शोर मचा कर राहगीरों को ट्रक से दूर रहने की चेतावनी देना लगा।
यह भी पढ़ें: Weather Update: मेरठ में बदला मौसम, कभी धूप तो कभी छांव, 17 अगस्त तक रहेंगे बारिश के आसार
इसी दौरान गैस सिलेंडर्स से भरा ट्रक पलटने की सूचना पर कुछ ही देर में अग्निश्मन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सिलेंडरों पर पानी की बौछार करने लगे। ट्रक चालक अमित ने बताया कि वो इन सिलेंडर्स को करनाल से लेकर देहरादून के लिए चला था। उसके साथ अन्य चार गाड़ियां भी गैस सिलेंडरों से भरी चल रही थी, जैसे ही सभी गाड़ियां यहां पहुंची तो अचानक से नील गाय आ गई और ट्रक अनियंत्रित हो गया।
वहीं अगर सड़क किनारे खाई में ट्रक नहीं पलटा होता और अन्य साथ चल रहे ट्रकों से भिड़ंत हो जाती तो बहुत बड़ा हादसा हो जाता। मौके पर पहुंचे सीएफओ प्रताप सिंह ने बताया कि पूरी गाड़ी एलपीजी गैस सिलेंडर से भरी हुई थी। अग्निश्मन विभाग की टीम घटना की जांच में जुट गई है।