सहारनपुर। लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योग विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनों के तहत सात लाभार्थियों को 1.12 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण किया गया। उन्हें महापौर संजीव वालिया, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, उद्योग उपायुक्त सिद्धार्थ यादव ने चेक सौंपे।
बृहस्पतिवार को एनआईसी सभागार में लाभार्थियों को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लखनऊ में हुए ऋण मेले के शुभारंभ कार्यक्रम पर दिए गए संबोधन को दिखाया गया। एमएसएमई विभाग की ओर से संचालित विभिन्न रोजगार परक योजनाओं के वृहद ऋण मेले में जनपद के सात लाभार्थियों को 1.12 करोड़ रुपये के ऋण के चेक सौंपे गए। इनमें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना ,एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना के लाभार्थी शामिल रहे। सोमपाल सैनी को अचार-मुरब्बा निर्माण, राजकुमार को स्टील फर्नीचर निर्माण, सुशांत गुप्ता को मसाला उद्योग, पीयूष अरोड़ा को प्लास्टिक बैग, हरिन्द्रपाल सिंह को होजरी उत्पाद, मोहम्मद मोहसीन और आर्यन मल्होत्रा को वुड कार्विंग उत्पाद निर्माण कराने की परियोजना के लिए ऋण दिया गया।