Saharanpur: बरसात में 26 से 56 किमी हो जाती है देहरादून की दूरी
दरअसल, सुंदरपुर-शाकुंभरी मार्ग पर वैसे तो कई नदियां पड़ती हैं। इसमें नौरंगपुर व कुरड़ाखेड़ा के बीच में पड़ने वाली हिंडन नदी भी शामिल है। जिस पर पुल नहीं है। सामान्य तौर पर यह नदी सूखी रहती है, जिससे करीब 35 से अधिक गांवों के लोग निकलकर अपने गंतव्य तक जाते हैं, लेकिन बरसात के दिनों में नदी पूरे उफान पर रहती है।
ऐसे में वहां से निकलना मुश्किल रहता है। यहां से देहरादून की दूरी करीब 26 किमी है, लेकिन बरसात होते ही यह दूरी 56 किमी हो जाती है। इसकी वजह है कि नदी उफान पर रहने के कारण करीब 35 गांवों के लोगों को बरौली, मुजफ्फराबाद और छुटमलपुर होते हुए देहरादून जाना पड़ता है। जिस कारण काफी परेशानी होती है।
यदि हिंडन पर पुल निर्माण करा दिया जाए तो कुरड़ीखेड़ा, जहानपुर, शाहजहापुर, बारूगढ़, ताल्हापुर, नौरंगपुर, अब्दुल्लापुर, समसमपुर, खुशहालीपुर, सतपुरा, मिर्जापुर, तकीपुर आदि गांवों को फायदा होगा।
यह बोले स्थानीय लोग
पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुलकीराज सैनी का कहना है कि क्षेत्र की यह प्रमुख समस्या है। लंबे समय से पुल के बनने का इंतजार कर रहे हैं। पुल का निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके l
ग्राम प्रधान ताल्हापुर महीपाल सैनी ने बताया बरसात के मौसम में लोगों को कई-कई दिनों तक पानी के कम होने का इंतजार करना पड़ता है, जो आसपास के गांवों के लिए भारी दिक्कत का कारण बना हुआ है।
- प्रधान तकीपुर अनिता रानी का कहना है कि इस मार्ग से श्रद्धालु मां शाकुंभरी देवी के दर्शन के लिए जाते हैं, लेकिन हिंडन नदी पर पुल न होना भारी दिक्कत का कारण है।
- ग्राम प्रधान जहानपुर रानी देवी का कहना है इस मार्ग पर पुल न होने के कारण किसानों को अपने खेतों में आने जाने से लेकर अन्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। पुल निर्माण होना चाहिए।
- ग्राम प्रधान जयंतीपुर मुनेश सैनी का कहना है इस मार्ग से क्षेत्र के लोग तहसील मुख्यालय पहुंचते हैं। शाकंभरी सिद्धपीठ पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
करा दी है पुल निर्माण की मंजूरी : विधायक
बेहट विधायक उमर अली खान का कहना है कि पुल निर्माण की मंजूरी करा दी गई है। विभाग में बजट न होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है। बजट के आते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।