सहारनपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुक्रवार को उज्ज्वल भारत, उज्ज्वल भविष्य पॉवर@2047 कार्यक्रम का आयोजन का किया गया। इसमें लघु फिल्मों के माध्यम से बिजली का महत्व बताया गया, साथ ही समय पर विद्युत बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
शुक्रवार को जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक देवेंद्र निम एवं विधान परिषद सदस्य शाहनवाज खान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सौभाग्य योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, कुसुम योजना, वन नेशन वन ग्रेड, उपभोक्ता अधिकार, सोलर रूफ टॉप आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीण विद्युतीकरण, विद्युत उत्पादन एवं ट्रांसमिशन विषयों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया, साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मोहक प्रस्तुति भी दी गई। विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि सरकार की सौभाग्य योजना का उद्देश्य हर घर में बिजली देना है। कार्यक्रम में समय पर भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस दौरान जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, टीएचडीसी के महाप्रबंधक वीरेंद्र सिंह, भारत सरकार के नामित नोडल अधिकारी आनंद अग्रवाल, मुख्य अभियंता एके आत्रेय, अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार एवं मुनीश चोपड़ा, अधिशासी अभियंता पंकज कुमार एवं राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।