शाकंभरी। शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी रेंज के गांव जसमौर में अपने खेत में काम कर रहे तीन भाइयों पर गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो भाइयों ने भागकर जान बचाई। शोर सुनकर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने गुलदार को भगाया। इसके बाद जख्मी युवक को बेहट सीएचसी में भर्ती कराया गया।
रविवार की सुबह गांव जसमौर निवासी मोहम्मद इसरार के पुत्र सावेज, इंतजार व शमीम गांव के पास ही स्थित गेहूं के खेत में काम करने गए थे। दोपहर के वक्त सावेज खेत में खड़े पेड़ से अमरूद तोड़ने के लिए गया तो पेड़ के नीचे बैठे गुलदार ने उस पर हमला बोल दिया। इससे सावेज गंभीर रूप से घायल हो गया। गुलदार को देख इंतजार व शमीम ने शोर मचाते हुए भाग कर बमुश्किल अपनी जान बचाई। शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने इकट्ठा होकर गुलदार को भगाया। इसके बाद परिजनों ने जख्मी युवक को बेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़े जाने की मांग की है। उधर, वन क्षेत्राधिकारी आरआर किमोठी ने बताया कि जंगली जानवर है, भटक कर आबादी की तरफ आ गया होगा। वनकर्मियों की टीम को मौके पर भेज रहे हैं। ग्रामीण एक दो दिन खेतों की तरफ जाने में एहतियात बरतें।