सहारनपुर। रिहायशी इलाका प्रेमपुरी कॉलोनी के महाराजा गार्डन में चल रही नमकीन फैक्टरी में आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग में लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आसपास के मकानों में आग की लपटें नहीं पहुंचीं और बड़ा हादसा होने से टल गया।
सीएफओ तेजवीर सिंह ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र की प्रेमपुरी कॉलोनी के महाराजा गार्डन में प्रवीण कुमार गोयल मकान के नीचे वाले हिस्से में परिवार के साथ रहते हैं और ऊपर उन्होंने नमकीन बनाने की फैक्टरी लगा रखी है। यह रिहायशी इलाका घनी आबादी वाला है। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे फैक्टरी में आग लग गई। इसके बाद इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची दो गाड़ियाें ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरूआती जांच में सामने आया है कि कारोबारी का लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया है। गनीमत रही कि आग आसपास के मकानों तक नहीं पहुंची। आग लगने से कॉलोनी में अफरा-तफरी मची रही है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।

प्रेमपुरी कॉलोनी में नमकीन फैक्टरी में लगी आग के दौरान घरों के बाहर खड़े लोग व दमकल कर्मचारी- फोटो : SAHARANPUR

प्रेमपुरी कॉलोनी में नमकीन फैक्टरी में लगी आग के दौरान ऊंठता धुआं- फोटो : SAHARANPUR

प्रेमपुरी कॉलोनी में नमकीन फैक्टरी में लगी आग के दौरान दीवारों के बीच से निकलती आग की लपटें- फोटो : SAHARANPUR