फर्जी फूड इंस्पेक्टर दबोचा: दुकानदारों से करता था वसूली, अब गिरफ्तार होने पर उगले बड़े राज
Saharanpur News: यहां फर्जी फूड इंस्पेक्टर दबोचा गया है। बताया गया कि वह दुकानदारों से वसूली करता था। अब गिरफ्तार होने पर उसने बड़े राज उगले हैं।
विस्तार
सहारनपुर के बड़तला यादगार में दुकानों से वसूली करने वाले एक फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी को पकड़ा है। यह व्यक्ति पिछले कई महीनों से सक्रिय रहकर वसूली कर रहा था। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को पुलिस के हवाले किया और उसके विरुद्ध तहरीर दी।
जनपद में फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनकर दुकानों से वसूली की जा रही है। इसका खुलासा बुधवार को हुआ। बड़तला यादगार में एक व्यक्ति फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनकर दुकानों का निरीक्षण कर रहा था। दुकानदारों को शक हुआ और इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त (ग्रेड-2) पवन कुमार को दी। जब तक अधिकारी नहीं आए तब तक दुकानदार रवि शरन, दीपक सेठी व मयूर मित्तल ने फर्जी फूड इंस्पेक्टर को बैठाकर रखा।
सूचना मिलते ही सहायक आयुक्त ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल शुक्ला, संजीत कुमार व रणधीर सिंह यादव को भेजा। अधिकारियों ने मौके से दुकानों का निरीक्षण कर रहे फर्जी फूड इंस्पेक्टर को पकड़ लिया। नगर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पकड़े गए व्यक्ति से उसका नाम पूछा तो उसने सागर कुमार निवासी कपिल विहार पेपल मिल रोड बताया। इसके बाद सहायक आयुक्त पवन कुमार व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह ने फर्जी फूड इंस्पेक्टर बनकर वसूली कर रहे व्यक्ति को पुलिस को सौंप दिया।
यह भी पढ़ें: Khatauli By Election Results Live: खतौली सीट पर चौथे राउंड में भाजपा को बड़ा झटका, अब मदन भैया बहुत आगे
दीपावली से कर रहा था वसूली
जिस व्यक्ति को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पकड़ा है, वह जनपद में पिछले तीन से चार महीने से सक्रिय है। बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति ने फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनकर दीपावली पर दुकानों से जमकर वसूली की। महानगर, सरसावा में दुकानों पर पहुंचा, लेकिन दुकानदार को शक तक नहीं होने दिया।
चार महीने से नहीं तलाश पाया विभाग
सवाल यह कि जनपद में दीपावली से एक व्यक्ति फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनकर वसूली करता रहा, लेकिन विभाग को भनक तक नहीं लगी। आखिर विभाग चार महीनों से क्या करता रहा।
यह भी पढ़ें: यूपी: IPS अफसर के ठिकानों पर छापा, 20 लाख की नगदी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले, जानें पूरा मामला
हमें बड़तला यादगार से एक व्यक्ति द्वारा फर्जी फूड इंस्पेक्टर बनकर दुकानों का निरीक्षण करने की सूचना मिली थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मौके पर भेजा और वह स्वयं भी गए। नगर कोतवाली में दुकानों से वसूली करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध तहरीर दे दी है। - पवन कुमार, सहायक आयुक्त (ग्रेड-2), खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग