UP: पटाखा फैक्टरी के कचरे में विस्फोट, चार बच्चे गंभीर रूप से झुलसे, मालिक और मजदूरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Saharanpur News : पटाखा फैक्टरी के कचरे में विस्फोट होने से चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। पीड़ित परिजनों ने मालिक और मजदूरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ में पटाखा फैक्टरी के कचरे में विस्फोट हो गया। हादसे में तीन सगे भाई-बहन सहित चार बच्चे जख्मी हो गए हैं। जख्मी हुए बच्चों को उपचार दिलाया जा रहा है।
बताया गया कि फैक्टरी संचालक की लापरवाही के चलते चार बच्चों की जान पर बन आई। फैक्टरी के मजदूरों द्वारा नदी में डाले गए कचरे में पटाखे ढूंढ रहे तीन सगे भाई-बहन सहित चार बच्चे विस्फोट की जद में आकर घायल हो गए। पीड़ित परिजनों की तरफ से फैक्टरी संचालक और मजदूरों के खिलाफ थाना बिहारीगढ़ पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सतपुड़ा के जंगल में पटाखा फैक्टरी है। मंगलवार शाम को पास के गांव खुशहालीपुर कला निवासी विनय के तीन बच्चे विकास (14), शीतल (12), आशीष (9) और राजेंद्र की बेटी रितु (12) सोलानी नदी के पास से गुजरते वक्त मजदूरों द्वारा नदी में डाले गए पटाखा फैक्टरी के कचरे से पटाखे तलाश करने लगे। इसी दौरान कचरे के ढेर में विस्फोट हो गया। इसकी जद में आकर चारों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों द्वारा उनका उपचार निजी चिकित्सक के यहां कराया जा रहा है।
थाना अध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों विनय और राजेंद्र की तरफ से पटाखा फैक्टरी संचालक और मजदूरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: UP: मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, डीसीएम से टकराई बाइक, पिता-पुत्री समेत तीन की मौत, मचा कोहराम
पहले भी हो चुके हैं हादसे
सतपुड़ा की पटाखा फैक्टरी में पहले कई बार विस्फोट और आग लगने की घटना हो चुकी हैं। पूर्व में एक महिला सहित तीन मजदूरों की फैक्टरी में लगी आग से जलकर मौत हो गई थी। उस समय संचालक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। इसके अतिरिक्त कई बार मजदूर और बच्चे भी यहां झुलस चुके हैं।
यह भी पढ़ें: वंदे भारत ट्रेन हादसा: खुद को कोसता रहा पिता, बोला- बेटी की मान लेता तो बच जाता परिवार, उजड़ गईं तीन जिंदगियां