मुख्यमंत्री से की फार्मास्युटिकल औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की मांग
सहारनपुर। नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपने विधान सभा क्षेत्र से गुजर रहे रुड़की पंचकुला हाईवे के दोनो तरफ फार्मास्युटिकल औद्योगिक इकाइयों के लिए सौ एकड़ भूमि अधिग्रहित कराकर इसे औद्योगिक क्षेत्र घोषित करने की मांग की है।
लखनऊ में मुख्यमंत्री से भेंट के दौरान नकुड़ विधायक ने उन्हें बताया कि उनके यहां से हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड जहां बेहद नजदीक हैं, वहीं दिल्ली भी मात्र 125 किमी की दूरी पर है। सरसावा में एयरपोर्ट हेतु भूमि का अधिग्रहण हो चुका है। एलिवेटेड हाईवे का निर्माण भी चल रहा है। आवागमन के साधनों की उपलब्धता के चलते यदि यहां औद्योगिक क्षेत्र घोषित होगा तो निवेशकों को प्रदेश में निवेश करने का अवसर मिलेगा और जिले में रोजगार के साधन पैदा होंगे। उन्होंने चारधाम यात्रा के लिए हेलीकाप्टर सेवा शुरू करने के साथ ही सहारनपुर के शिवालिक वन प्रभाग को टाइगर रिजर्व घोषित करने की मांग भी उठाई। कहा कि यूपी से सटे उत्तराखंड के राजाजी टाइगर पार्क में देश-विदेश से लाखों पर्यटक प्रति वर्ष आते हैं, यदि सहारनपुर के शिवालिक जंगलों को टाइगर रिजर्व घोषित कर दिया जाए तो सहारनपुर में पर्यटन के नए रास्ते खुलेंगे। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।