यूपी: हिमाचल प्रदेश के व्यक्ति को नौ लाख रुपये में बेच दी पुलिस चौकी की खाली पड़ी जमीन
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बादशाही बाग में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे के किनारे खाली पड़ी पुलिस चौकी की खाली पड़ी जमीन को दो लोगों ने हिमाचल प्रदेश के एक व्यक्ति से नौ लाख में बेचने का सौदा कर दिया। इसके लिए एडवांस में एक लाख नब्बे हजार रुपये भी ले लिए।
इसका खुलासा गुरुवार को उस समय हुआ, जब उक्त भूमि पर कब्जा लेने के लिए तार की बाड़ कराई जा रही थी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग गए। धोखाधड़ी के शिकार हुए व्यक्ति ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के बादशाही बाग में हाईवे किनारे पुलिस चौकी के निर्माण के लिए 2.14 बीघा भूमि पिछले काफी समय से खाली पड़ी है। गांव मायापुर रूपपुर और मिर्जापुर निवासी दो लोगों ने मिलकर हिमाचल प्रदेश के जनपद सिरमौर के गांव निहालगढ़ निवासी सोबिन पुत्र जहूर हसन को पुलिस चौकी की जमीन को अपनी बताते हुए उससे उसका सौदा नौ लाख रुपये में तय कर लिया। 10 अगस्त को दोनों लोगों ने सोबिन से 1.90 लाख रुपये भी एडवांस में ले लिए।
गुरुवार को जब वह बैनामा कराने तहसील बेहट पहुंचा, तो उसे उक्त जमीन को लेकर कुछ संशय हुआ। उसने हल्का लेखपाल से दस्तावेजों की जांच कराई, इसमें उक्त भूमि पुलिस चौकी के नाम पर दर्ज मिली। जब उसने दोनों लोगों को जमीन लेने से मना कर दी और रकम वापस मांगी, तो उन्होंने सोबिन से कहा, कि वह इस जमीन पर तार बाड़ कराकर उसे कब्जा दिलाएंगे। इसके बाद ही वे बाकी रकम उन्हें दें।
बृहस्पतिवार को सोबिन को लेकर दोनों लोग जमीन की तार बाड़ कराने पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने सोबिन को चौकी ले जाकर पूछताछ की तो उसने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने उक्त भूमि पर अपना बोर्ड लगाकर उसकी तार बाड़ करा दी है।
जमीन की खरीद फरोख्त के नाम पर हुई धोखाधड़ी के मामले में आरोपियों के खिलाफ पीड़ित ने तहरीर दे दी है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।- विरेश पाल गिरि, थाना प्रभारी मिर्जापुर, सहानपुर।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/