सहारनपुर। विद्युत निगम की टीम ने सुबह अलग-अलग स्थानों पर छापामारी की और एक दर्जन स्थानों पर केबिल में कट लगाकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। सभी के कनेक्शन काट दिए गए तथा बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे विद्युत निगम की टीम ने अधीक्षण अभियंता रविंद्र गुप्ता के नेतृत्व में छापा मारा। टीम ने गलीरा रोड, न्यू शारदा नगर, पटेल नगर, दयाल कालोनी समेत कई क्षेत्रों में छापेमारी की। टीम द्वारा की गई चेकिंग के दौरान 12 स्थानों पर बिजली की चोरी पकड़ी गई। इनमें से अधिकांश लोग मीटर से पहले ही केबिल में कट लगाकर बिजली की चोरी कर रहे थे। टीम ने सभी के कनेक्शन काट दिए। साथ ही संबंधित थाना क्षेत्र में एफआईआर दर्ज करा दी है। चेकिंग टीम में अधिशासी अभियंता एके वर्मा, रब्बान अली, पुष्पेंद्र कुमार, केपी सिंह समेत अनेक अधिकारी शामिल रहे।