सहारनपुर। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन/मंडलायुक्त लोकेश एम ने बुधवार को निर्माणाधीन स्मार्ट रोड का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट रोड निर्माण दस दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चेयरमैन लोकेश एम बुधवार की सुबह स्मार्ट सिटी के सीईओ/नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को साथ लेकर घंटाघर से कोर्ट रोड ओवरब्रिज तक बनाई जा रही स्मार्ट रोड का निरीक्षण करने पहुंचे। कार्यदायी संस्थाओं, जल निगम और आरसीसी कंपनी के अधिकारियों और इंजीनियरों से सड़क निर्माण, सीवरेज लाइन, मैन हॉल तथा चैंबर निर्माण आदि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कुछ स्थानों पर किए निर्माण पर सवाल भी उठाए। आरसीसी कंपनी के इंजीनियरों से नक्शा खुलवाकर चैंबर आदि के बारे में जानकारी ली। जल निगम के अधिशासी अभियंता रुचिन यादव ने बताया कि उनके विभाग ने सीवर लाइन आरसीसी (रेनफोर्सड सीमेंट कंक्रीट)को दे दी है। चेयरमैन ने कार्य में तेजी लाने और निर्माण सामग्री में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने दस दिसंबर तक सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता श्रवण सिंघल, एई व जेई आदि भी मौजूद रहे।