सहारनपुर। महानगर में जमीनों के सर्किल रेट में सात प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके चलते कोर्ट रोड, जैन कालेज रोड, घंटाघर, अंबाला रोड आदि में सबसे अधिक वृद्धि हुई है। जिससे शहर वासियों को इन क्षेत्रों में जमीन खरीदा मंहगा पडे़गा। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों के सर्किल रेट में बढ़ोतरी नहीं की गई है।
चार वर्ष बाद सर्किल रेट में इजाफा किया गया है। इनमें अहमद बाग में 27500 रुपये से बढ़कर सर्किल रेट 29 हजार रुपये प्रति मीटर हो गया है। आवास विकास कालोनी में भी पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। यहां 30500 रुपये से बढ़कर सर्किल रेट 32 हजार रुपये, कोर्ट रोड पर साढे़ छह प्रतिशत बढ़ा है। यहां पर 90 हजार रुपये से सर्किल रेट बढ़ाकर 95 हजार रुपये कर दिया गया है। गिल कालोनी में 28 हजार से बढ़कर 29 हजार रुपये, प्रद्युमन नगर में 23 हजार से बढ़कर 24 हजार रुपये, अंबाला रोड पर 54 हजार से बढ़कर 56 हजार रुपये हो गया है, जबकि दिल्ली रोड के हसनपुर चुंगी से शक्ति पेट्रोल पंप तक की जमीन का सर्किल रेट को 43500 रुपये से बढ़ाकर 45500 रुपये प्रति मीटर कर दिया गया है। जनता रोड पर 20 हजार से बढ़ाकर 21700 रुपये और जेल चुंगी एरिया में 25 हजार से 26 हजार रुपये कर दिया गया है। सहायक निरीक्षक निबंधन संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना संकट को देखते हुए सर्किल रेट में कम ही बढ़ोतरी की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में और कृषि भूमि के सर्किल रेट को नहीं बढ़ाया गया है।