{"_id":"694c3c0472172c874302fb7b","slug":"bodies-of-five-laborers-reached-sheikhpura-kadim-created-chaos-saharanpur-news-c-30-1-sah1001-165707-2025-12-25","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Saharanpur: शेखपुरा कदीम पहुंचे पांचों मजदूरों के शव, दो जवान बेटों के जनाजे देखकर बेसुध हुई मां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Saharanpur: शेखपुरा कदीम पहुंचे पांचों मजदूरों के शव, दो जवान बेटों के जनाजे देखकर बेसुध हुई मां
Thu, 25 Dec 2025 12:46 AM IST
मेरठ ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
Updated Thu, 25 Dec 2025 12:46 AM IST
सार
शेखपुरा कदीम निवासी ठेकेदार नूर, उसके भाई सोनू, मदनपाल, रोशनपाल और रामकुमार पेंटर थे। ये पांचों लोग कुरुक्षेत्र में ठेके पर काम करने गए थे। होटल के कमरे में जलती अंगीठी के कारण दम घुटने से सोते हुए ही पांचों की मौत हो गई।
विज्ञापन
गांव पहुंचे शव तो मची चीख-पुकार।
विस्तार
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम में बुधवार को मजदूरों के शव पहुंचे। शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार और सुपुर्द-ए-खाक किया। जनाजे व अंतिम संस्कार में लोगों की भीड़ उमड़ी। गांव में चूल्हे नहीं जले। हर किसी की आंख नम हो गई। वहीं, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गांव पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
विज्ञापन
Trending Videos
बता दें, कि कुरुक्षेत्र में शेखपुरा कदीम निवासी ठेकेदार नूर, उसके भाई सोनू, मदनपाल, रोशनपाल और रामकुमार की एक होटल में दम घुटने से मौत हो गई थी। पांचों 21 दिसंबर को गांव से कुरुक्षेत्र काम पर गए थे। बुधवार को शव गांव में पहुंचे। शवों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव में प्रवेश करने वाले अंडरपास के बाहर लोग शवों के आने का इंतजार करते नजर आए। शव पहुंचते ही महिलाओं की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
नूर और सोनू की मां जवान बेटों की मौत से बेसुध हो गईं। वह बार-बार अपने बेटों को पुकारते हुए फूट-फूटकर रोती रहीं। यह देखकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। वहीं, रोशन और मदनपाल के परिवारों का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
रामकुमार का शव काजीपुरा गांव पहुंचा। रोशनपाल और मदनपाल का अंतिम संस्कार शेखपुरा चौकी के पास स्थित श्मशान घाट में किया गया, जबकि नूर और सोनू को सुपुर्द-ए-खाक किया।
सभी मृतक अपने-अपने परिवारों में इकलौते कमाने वाले थे, जिससे उनके परिजनों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। एसडीएम सदर सुबोध व एएसपी मनोज कुमार यादव ने शेखपुरा कदीम पहुंचकर मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
