सहारनपुर। नगर निगम पांवधोई नदी की स्वच्छता के लिए नौ नवंबर से 20 दिवसीय अभियान चला रहा है। अभियान से आम जन को जोड़ने तथा नागरिकों को नदी को साफ रखने के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस के स्वयं सेवकों और विद्यार्थियों द्वारा जन जागरुकता रैली निकाली गई। रैली में नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल रहे। रैली धोबीघाट से दालमंडी पुल तक निकली गई, जिसमें प्रतिभागी स्वच्छता संबंधी नारे लगाते हुए चल रहे थे।
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित रैली का शुभारंभ नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने किया। उन्होंने रैली में शामिल कैडेट्स, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि शहर और समाज को साफ रखने की जिम्मेदारी सभी की है। किसी एक के करने से हम पूर्ण स्वच्छता की कल्पना नहीं कर सकते हैं। नगर आयुक्त ने नदी की सफाई के लिए चलाए जा रहे अभियान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अपर नगरायुक्त राजेश यादव, एसके तिवारी और सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी को भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। रैली में पांवधोई विकास समिति के जयनाथ शर्मा, मनीष कच्छल, कुलभूषण जैन, डॉ. पीके शर्मा, डॉ. वीरेंद्र आजम, एसी पपनेजा, वीना बजाज, अल्पना तलवार, मुकुंद मनोहर गोयल, आमिर खान, दीप्ति जौहरी, पार्षद आशुतोष सहगल, भूरा सिंह प्रजापति, पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दीकी, शिवांग तलवार, डॉ. संदीप मिश्रा, जेडएसओ राजीव चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रपाल व इंद्रपाल आदि मौजूद रहे।