सहारनपुर। कोविड टीकाकरण अभियान में बुधवार को 103 वर्ष की महिला सहित 21,192 लोगों ने कोरोना की पहली और दूसरी खुराक ली। टीकाकरण के लिए बुधवार को भी जनपद में 386 बूथ बनाए गए थे।
सहारनपुर शहर में 86, मुजफ्फराबाद में 38, नागल में 33, बलियाखेड़ी में 32, साढ़ौली कदीम, नकुड़, रामपुर मनिहारान और पुवांरका में 27-27, गंगोह में 26, सरसावा, नानौता, देवबंद में 21-21 बूथ रहे। बुधवार को कुल 68,500 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था, जिनमें पहली खुराक के लिए 32,100 तथा दूसरी खुराक के लिए 36,400 लोग शामिल थे। लेकिन इनके सापेक्ष 21,192 लोग ही टीका लगवाने पहुंचे। कुल टीकाकरण 30.9 फीसदी रहा। उधर, शहरी क्षेत्र में चले टीकाकरण अभियान में पार्षद मंसूर बदर ने अपने वार्ड में टीकाकरण कराया। उनके यहां सराय हिसामुद्दीन निवासी 103 वर्षीय अल्लाह रक्खी सहित 430 लोगों ने बुधवार को टीका लगवाया। मंसूर बदर ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर शुरू हो चुकी है। ऐसे में 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति को कोरोना की दोनों खुराक लगवानी चाहिए। इससे हम ना केवल अपनी सुरक्षा करेंगे, बल्कि अपने बच्चों को भी सुरक्षित रख सकेंगे। शिविर को सफल बनाने में आंगनवाड़ी शबीना, शाहजहां, फरजाना, लक्ष्मी, अल्पना, संदीपा, सुरेखा का सहयोग रहा।