सहारनपुर। शिक्षकों की पदोन्नति, पेंशन और विनियमितीकरण संबंधी समस्याओं को लेकर शिक्षकों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक का घेराव किया। इसके बाद कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने समस्याओं का समाधान जल्द ही कराने का आश्वासन दिया। समस्याओं का समाधान नहीं होने की स्थिति में शिक्षकों ने कार्य बहिष्कार कर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री रजनीश चौहान के नेतृत्व में जनपदीय पदाधिकारी और शिक्षक संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉक्टर बालेंदु भूषण सिंह के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यालय में जाकर उनका घेराव किया। चौहान ने बेहट रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में वरिष्ठता का गलत आदेश पारित करने का मामला उठाया और संशोधन की मांग की। इसके बाद शिक्षकों की पदोन्नति और विनियमितीकरण की समस्या संयुक्त शिक्षा निदेशक के सामने रखी। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन में आ रही समस्या उठाते हुए निस्तारण की मांग की। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। घेराव करने वालों में ओमपाल सिंह, शिवकुमार शर्मा, संजय शर्मा, सतीश बागला, हरपाल सिंह, सतीश चौधरी, पुन्नामल, पुरुषोत्तम वर्मा, प्रवीण चौधरी, अजीत सिंह, चंद्रा सिंह, अनीता सिंह, दीपा वर्मा आदि मौजूद रहीं।