रामपुर। नोडल अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह की उपस्थिति में विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करके विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छता, दुग्ध विकास, शिक्षा, मनरेगा, विद्युत सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की तथा बेहतर प्रगति की श्रेणी में न होने वाली योजनाओं से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सक्रियता के साथ योजनाओं की प्रगति को बेहतर करें।
जिलाधिकारी ने जनपद में मिशन शक्ति के अंतर्गत अभिनव प्रयोग के रूप में संचालित महिला जनसुनवाई कार्यक्रम की रूपरेखा और दो विकास खंडों में आयोजन के उपरांत जनसुनवाई की सफलता के बारे में नोडल अधिकारी को बताया। उन्होंने चाइल्ड केयर प्रोटेक्शन फंड के माध्यम से जनपद के गरीब परिवारों के बच्चों को कुपोषण की श्रेणी से बाहर निकालने के लिए प्रशासनिक प्रयास एवं आमजन द्वारा किए जा रहे आर्थिक सहयोग और प्रोत्साहन के बारे में भी बताया। मनरेगा के अंतर्गत कराए गए कार्यों की समीक्षा के दौरान नोडल अधिकारी ने डीसी मनरेगा को निर्देशित किया कि मनरेगा के तहत निर्मित तालाबों के चारों ओर फलदार और औषधीय महत्व के पौधे लगवाएं ताकि पर्यावरण संतुलन के साथ ही तालाब का सौंदर्यीकरण भी हो सके। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव यादव सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।