UP Election 2022: रामपुर की दो सीटों पर आमने-सामने आ सकती हैं दो सियासी परिवारों की दो पीढ़ियां
आचार संहिता लागू होने के बाद जैसे ही चुनावों की तारीखों का एलान हुआ है, तभी से सियासी हलचलें भी बढ़ गई हैं। एक ओर जहां अब्दुल्ला आजम की रिहाई के लिए पैरवी तेज हो गई है और उनके कई मामलों में रिहाई के परवाने कोर्ट से सीतापुर जेल प्रशासन को भेजे जा चुके हैं तो आजम खां के रिहाई परवाने भी सीतापुर जेल भेजे गए हैं।
विस्तार
बृहस्पतिवार को कांग्रेस ने चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया है। इसके साथ ही शहर और स्वार-टांडा विधानसभा सीट पर मजबूत सियासी मुकाबले की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। लोग कयास लगा रहे हैं कि इन सीटों पर दो सियासी परिवारों की दो पीढ़ियां आमने-सामने आ सकती हैं। लोगों में चर्चा है कि शहर विधानसभा सीट से एक बार फिर आजम खां चुनाव लड़ सकते हैं तो स्वार-टांडा विधानसभा सीट से अब्दुल्ला आजम के सपा से लड़ने की प्रबल संभावना है। ऐसे में आजम खां के सामने नवेद मियां होंगे तो स्वार-टांडा में अब्दुल्ला के सामने हमजा मियां होंगे।
आचार संहिता लागू होने के बाद जैसे ही चुनावों की तारीखों का एलान हुआ है, तभी से सियासी हलचलें भी बढ़ गई हैं। एक ओर जहां अब्दुल्ला आजम की रिहाई के लिए पैरवी तेज हो गई है और उनके कई मामलों में रिहाई के परवाने कोर्ट से सीतापुर जेल प्रशासन को भेजे जा चुके हैं तो आजम खां के रिहाई परवाने भी सीतापुर जेल भेजे गए हैं।
ऐसे में अब्दुल्ला आजम के चुनावी बागडोर संभालने और एक बार फिर स्वार-टांडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों को बल मिल रहा है। वहीं कांग्रेस ने तो शहर और स्वार-टांडा विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों का एलान भी कर दिया है। कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद इन दो विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी समर की तस्वीर को लेकर भी चर्चाओं के बाजार गर्म होने लगे हैं।
लोगों को इस बार दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद
लोग कयास लगा रहे हैं इस चुनाव में दो अलग-अलग पार्टियों से दो पिता और दो पुत्रों का आमना-सामना देखने को मिलेगा, जिसमें शहर से आजम खां और नवेद मियां तो स्वार-टांडा से अब्दुल्ला और हमजा मियां के चुनावी मैदान में आमने-सामने होने की उम्मीद है।
शहर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार नूरमहल से प्रत्याशी
शहर विधानसभा सीट पर इस बार कांग्रेस ने पूर्व राज्यमंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां को प्रत्याशी घोषित किया है। ऐसा पहली बार होगा जब नूरमहल से कोई शहर विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ेगा। अभी तक नवेद मियां अन्य विधानसभा सीटों से चुनाव लड़े हैं तो उनकी मां बेगम नूरबानो और पिता जुल्फिकार अली खां उर्फ मिक्की मियां लोकसभा चुनाव लड़ते थे।