रामपुर: शाहबाद की लक्खी बाग कोठी के चौकीदार की हत्या, दो नामजद समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
छह अप्रैल को लक्खी बाग स्थित कोठी पर चौकीदारी करने वाले भूकन सिंह घायलावस्था में मिले थे। बाद में उनकी मौत हो जाने के बाद उनके साथ चौकीदारी करने वाले दो लोगों समेत तीन पर हत्या का आरोप लगाया गया था, जिनमें से एक आरोपी का शव शुक्रवार को कोठी के एक कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया।
विस्तार
लक्खी बाग स्थित कोठी की चौकदारी करने वाले चौकीदार की छह अप्रैल को मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसके दो अन्य साथी चौकीदारों पर गैर इरादतन हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। एक हत्यारोपी चौकीदार का शव शुक्रवार सुबह कोठी में बने कमरे में पास पड़ा होने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के पशुपुरा गांव निवासी भूकन सिंह अपने गांव के दूसरे चौकीदार ओमवीर के साथ लक्खी बाग स्थित कोठी की चौकीदारी करते थे। जबकि, गांव का ही रशीद लक्खी बाग में गेट पर चौकीदारी करता है। छह अप्रैल की सुबह चौकीदार भूकन सिंह चोटिल हालात में लक्खी बाग के निचले हिस्से के खेत की झाड़ियों में पड़ा था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे एंबुलेंस से शाहबाद की सीएचसी लेकर गए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
इसके बाद पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में दो अन्य चौकीदार ओमवीर और रशीद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शुक्रवार को शाहबाद कोतवाल को सूचना मिली कि एक आरोपी चौकीदार ओमवीर (65) का शव कोठी में बने कमरे में पड़ा है। इसकी सूचना मिलते ही सनसनी फैल गई। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
शव को देखकर लग रहा था कि सर में प्रहार कर हत्या करने के बाद शव जलाने के बाद प्रयास किया गया है। जानकारी मिलने पर फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बाद में पुलिस ने मृतक ओमवीर के बेटे नयनदीप की ओर से राकेश, सुमित और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ओमवीर की हत्या के आरोप में भूकन के बेटे और पोते पर रिपोर्ट दर्ज
शाहबाद में स्थित लक्खी बाग में चौकीदारी करने वाले ओमवीर पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। इसमें उसके साथी चौकीदार भूकन सिंह के परिजनों ने ओमवीर और उसके साथी रशीद पर हत्या का आरोप लगाया था। शुक्रवार को ओमवीर का शव मिलने के बाद ओमवीर के बेटे ने अपने पिता की हत्या करने का आरोप भूकन सिंह के बेटे राकेश और भूकन सिंह के पोते सुमित पर लगाया है।