रामपुर। उत्तराखंड सीमा से सटे गांव डिबडिबा की सोढ़ी काॅलोनी के पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य मुसाफिर साहनी की हत्याकांड के 10 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ है। 24 जनवरी को मुसाफिर साहनी की हत्या हुई थी। पुलिस की दो टीमों ने हत्यारों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की है। 24 जनवरी की रात कोतवाली के क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा से सटे गांव डिबडिबा की सोढ़ी कॉलोनी निवासी पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य मुसाफिर साहनी की कुछ लोगों ने उनके ही घर में गला रेत हत्या कर दी थी। 25 जनवरी की सुबह घटना की जानकारी होने पर एसपी राजेश द्विवेदी, एएसपी अतुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ रवि खोखर आदि ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली थी। एसपी ने घटना का खुलासा करने के लिए कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह और बॉर्डर की रूद्रविलास चौकी प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया था।
पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना की रात घना कोहरा होने की वजह से सीसीटीवी कैमरे में कोई खास फुटेज पुलिस को नहीं मिल पाए हैं। पुलिस घटना से जुड़े तमाम बिंदुओं को लेकर बारीकी से जांच करने में लगी हुई है। सीओ रवि खोखर ने कहा कि पुलिस की दोनों टीमें लगातार संदिग्ध स्थानों पर हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए दबिशें दे रहीं हैं। वहीं, पुलिस संदिग्ध लोगों को पकड़कर पूछताछ भी कर रही है। मगर अभी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।

जिया गांव में गांव चलो अभियान के शुभारंभ पर उपस्थित जेपी नड्डा।- फोटो : जिया गांव में गांव चलो अभियान के शुभारंभ पर उपस्थित जेपी नड्डा।