रामपुर में दर्दनाक हादसा: हेलमेट भी नहीं बचा सका जान, बस की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
रामपुर के स्वार में सामान से भरे ठेले को बचाने के चक्कर में एक बाइक सवार युवक टूरिस्ट बस की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जिला ऊधमसिंह नगर के कोतवाली बाजपुर के मड़ैया अट्टूखेड़ा गांव का रहने वाला था।
विस्तार
रामपुर के स्वार में ईदगाह के सामने गली से अचानक निकला एक बाइक सवार सामान से भरे ठेले को बचाने के चक्कर मे टूरिस्ट बस की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने चालक और बस को कब्जे में ले लिया है।
जिला ऊधमसिंह नगर के कोतवाली बाजपुर के मड़ैया अट्टूखेड़ा गांव निवासी राजेश (32) स्वार कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरी गांव स्थित ससुराल में आया था। वह सुबह लगभग दस बजे बाइक से अपने घर जा रहा था। रास्ते मे स्वार नगर की ईदगाह के सामने गली से सामान लेकर एक ठेला अचानक से राजेश के सामने आ गया।
उसे बचाने के चक्कर मे वह टूरिस्ट बस की चपेट में आ गया। हादसे में राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार युवक हेलमेट लगाए हुए था। राजेश के परिवार में पत्नी और 4 साल की बेटी बताई गई है।
हेलमेट भी नहीं बचा सका बाइक सवार की जान
टूरिस्ट बस की चपेट में आया राजेश हेलमेट भी लगाए हुए था। इसके बावजूद राजेश के सिर में ऐसा गंभीर जख्म हुआ कि उसकी तत्काल मौत हो गई।
पिकनिक मनाने गर्जिया जा रहे थे बस में सवार स्कूली बच्चे
टूरिस्ट बस में मूंढापांडे के गणेशपुर स्थित एक निजी स्कूल के बच्चे सवार थे जो उत्तराखंड के रामनगर पिकनिक मनानने जा रहे थे। बच्चे गर्जिया मंदिर भी जाते कि उनकी बस से स्वार में हादसा हो गया और बाइक सवार की मौत हो गई। बस और चालक पुलिस के कब्जे में जाने के बाद स्कूली बच्चे कई घंटे तक दूसरी बस की व्यवस्था होने तक भयंकर गर्मी में खड़े रहे।