मिलक। चचेरे भाई से तीन सौ रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमे में धाराएं बढ़ा दी हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रविवार की रात मोहल्ला नसीराबाद निवासी असलम उर्फ दन्नी (35) का अपने चचेरे भाई भूरा से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि भूरा ने असलम के सिर पर लोहे की रॉड मारकर उसे घायल कर दिया था। परिजन घायल अवस्था में असलम को नगर के सामुदायिक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने गंभीर अवस्था बताते हुए रेफर कर दिया। बाद में परिजन घायल को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए थे। मंगलवार की रात बरेली से असलम को दिल्ली रेफर कर दिया गया, जिसके बाद परिजन उसे घर ले आए। बुधवार की सुबह करीब तीन बजे असलम ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के छह बच्चे हैं। कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रविवार की रात असलम का अपने चचेरे भाई भूरा से तीन सौ रुपये को लेकर झगड़ा हो गया था। असलम बुरी तरह घायल हो गया था। उसी दिन परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने भूरा के खिलाफ मारपीट की धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। बुधवार की सुबह घायल असलम की मौत हो गई। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं को बढ़ा दिया जाएगा।